पुणे। चिंचवड़ स्थित गुरु कृपा निवास, शिवा जी पार्क में गुरुवार, 5 मार्च 2026 को श्रीमती मीराबाई रमेशलाल जी लूणिया द्वारा 419 आयंबिल की दीर्घ तप आराधना के पावन अवसर पर भव्य “तप अभिनंदन समारोह” आयोजित किया जाएगा। प्रातः 8:31 से 10:31 तक होने वाले इस आध्यात्मिक आयोजन में पुणे सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के सम्मिलित होने की संभावना है।
कार्यक्रम का शुभारंभ मंगलाचरण एवं नवकार मंत्र के साथ किया जाएगा। पंकज मुनि म.सा. (राष्ट्र संत, श्रमण संघ उपप्रवर्तक) का पावन सान्निध्य प्राप्त होगा। मार्गदर्शन हेतु भारत गौरव डॉ. वरुण मुनि जी म.सा. (‘अमर शिष्य’) की विशेष प्रेरणादायी उपस्थिति रहेगी तथा प्रेरणा स्वरूप रुपेश मुनि म.सा. (‘रजत’) भी मंच को सुशोभित करेंगे। संतों के मंगल प्रवचनों में तप, संयम, त्याग और आत्मशुद्धि के महत्व पर प्रकाश डाला जाएगा। विशेष रूप से डॉ. वरुण मुनि जी म.सा. अपने प्रेरक उद्बोधन के माध्यम से समाज को आध्यात्मिक साधना एवं आत्मोन्नति की दिशा में अग्रसर होने का संदेश प्रदान करेंगे।
इस अवसर पर प्रसिद्ध संगीतकार तरुण सी. मोदी भक्तिमय गीतों की प्रस्तुति देंगे, जिससे कार्यक्रम का वातावरण भक्ति और श्रद्धा से ओत-प्रोत रहेगा। सायंकालीन सत्र में श्री शंखेश्वर मंडल द्वारा रात्रि भक्ति का आयोजन भी किया जाएगा, जो सायं 7:15 बजे से रात्रि 9:15 बजे तक चलेगा। इस सत्र में भी डॉ. वरुण मुनि जी म.सा. की प्रेरणा से श्रद्धालु भाई-बहनें भक्ति एवं आराधना में सहभागी बनेंगे।
आयोजन के दौरान प्रातः 8:05 से 8:35 बजे तक अल्पाहार तथा 11:05 से 12:05 बजे तक गौतम प्रसादी की व्यवस्था रहेगी। कार्यक्रम की संपूर्ण व्यवस्था श्री वर्धमान स्थानकवासी जैन श्रावक संघ, आकुर्डी-निगडी प्राधिकरण, पुणे (महाराष्ट्र) एवं लूणिया परिवार के सहयोग से की जाएगी।
आयोजकों ने समस्त समाजजनों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर तपस्विनी के तप की अनुमोदना करने तथा पूज्य संतों, विशेषकर डॉ. वरुण मुनि जी महाराज के प्रेरणामय सान्निध्य का लाभ प्राप्त कर इस आध्यात्मिक अवसर को सफल बनाने का आग्रह किया है।