श्रमण संघीय उपप्रवर्तक परम पूज्य श्री पंकज मुनि जी म.सा. की सोमवार को भगवान महावीर जैन हॉस्पिटल में हार्ट की एंजियोप्लास्टी देव- गुरु- धर्म की कृपा से बहुत ही सुख-साता पूर्वक संपन्न हुई |
उपरोक्त जानकारी देते हुए दक्षिण सूर्य डॉ. वरुण मुनि जी म.सा. ने फरमाया कि हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. श्री योगेश जी कोठरी एवं डॉ. राम अनिल राज जी ने बहुत ही ध्यान से पूज्य गुरुदेव की एंजियोप्लास्टी का कार्य सफलतापूर्वक संपन्न किया । हम दोनों ही डॉ महोदय एवं उनकी पूरी विशेषज्ञ टीम का हृदय से आभार व्यक्त करते हैं ।
इस अवसर पर युग प्रधान आचार्य सम्राट परम पूज्य डॉ. श्री शिव मुनि जी म.सा, श्रमण संघीय युवाचार्य भगवंत परम पूज्य श्री महेंद्र ऋषि जी म.सा., उत्तर भारतीय प्रवर्तक परम पूज्य श्री सुभद्र मुनि जी म.सा. , राष्ट्र संत मंत्र शिरोमणि डॉ. श्री वसंत विजय जी म.सा. एवं अनेक संत- साध्वियों की शुभ- मंगल कामना संदेश गुरुदेव के स्वास्थ्य लाभ हेतु प्राप्त हुए ।
भगवान महावीर जैन हॉस्पिटल के अध्यक्ष महोदय श्रीमान सा. महावीर जी रांका एवं मंत्री श्रीमान सा. पारस जी भंडारी व ट्रस्ट मंडल की गणमान्य हस्तियों ने पूज्य गुरुदेव की विशेष सुख साता पृच्छा की एवं बताया कि हमारे हॉस्पिटल का यह परम सौभाग्य है कि समय- समय पर चारों ही संप्रदायों के पूज्य गुरुभगवंतों की सेवा का सौभाग्य हमें प्राप्त होता रहता है।
मधुर वक्ता श्री रूपेश मुनि जी म.सा. ने सभी साधु- साध्वी जी, श्रावक- श्राविकाओं का हार्दिक आभार व्यक्त किया, जिन्होंने भी पूज्य गुरुदेव की स्वास्थ्य मंगल कामना के लिए आयंबिल तप की आराधना एवं नवकार महामंत्र जप साधना का विशेष उपक्रम किया ।
डॉ. श्री वरुण मुनि जी म. सा. ने बताया कि- पूज्य गुरुदेव सुख सातापूर्वक हॉस्पिटल में स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं। संभवतः दो- चार दिन में उन्हें हॉस्पिटल से छुट्टी मिल जाएगी और पूज्य गुरुभगवंत श्रीमान सा. बसंत जी मरलेचा के निवास स्थान पर कुछ दिन विराजने की भावना रखते हैं, स्वास्थ्य लाभ की दृष्टि से।
इसी के साथ दिल्ली, हरियाणा , पंजाब ,राजस्थान , उत्तर प्रदेश, पुणे , सिकंदराबाद, चेन्नई, बैंगलोर से अनेक श्रद्धालु गुरु भक्तों के स्वास्थ्य लाभ हेतु मंगल कामना संदेश प्राप्त हो रहे हैं। हम सभी का हृदय से आभार व्यक्त करते हैं।