आगामी 26 सितंबर से श्री नवरात्रि पर्व पर कृष्णगिरी तीर्थधाम में बनेगा राजमहल, जिसमें विराजित होगी नौ देवियां
कृष्णगिरी। शक्तिमय पतित पावन श्री पार्श्व पद्मावती शक्तिपीठ तीर्थधाम कृष्णगिरी में अष्ट दिवसीय श्री भैरव महापुराण अभिषेक एवं महायज्ञ का समापन अर्थात् अलौकिक रूप से पूर्णाहुति शनिवार अलसुबह तक विभिन्न चमत्कारिक भक्तिमय आयोजनों के साथ संपन्न हुई। पूज्य गुरुदेवजी के साथ हजारों दीपों से सभी श्रद्धालुओं द्वारा श्री भैरवदेव की महाआरती कर “दीपोत्सव” मनाया गया।
इस दौरान शक्तिपीठाधीपति, राष्ट्रसंत पूज्य गुरुदेव श्रीजी डॉ वसंतविजयजी महाराज साहेब का भी गुरु भक्तों द्वारा रूद्र पाठ से अभिमंत्रित विशिष्ट जलाभिषेक व आरती पूजन किया गया। वहीं पूर्णाहुति हवन यज्ञ में विभिन्न प्रकार की औषधियों, सूखे मेवे सहित भैरव देव को अतिप्रिय
एक–एक किलो की 108 इमरती की आहुतियां भी बीज मंत्रों से दी गई। इस दौरान पूज्य गुरुदेवजी की निश्रा में दिल्ली के भजन गायक कलाकार शीतल पांडे ने एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियों से उपस्थित श्रद्धालु भक्तों को सरोबार कर दिया। पांडे ने गुरु वंदना से अपनी प्रस्तुतियां प्रारंभ कर “आकर शरण में आपकी मशहूर हो गया हूं.., एक वो जमाना था ठोर ना ठिकाना था.., तेरी मेरी कोई जान न पहचान थी.. लिखू एक चिट्ठी हिसाब चाहिए..” सहित अनेक सुमधुर प्रस्तुतियों से तालियों की गूंज के साथ श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। आयोजन का सीधा प्रसारण होगा यूट्यूब चैनल थॉट योगा पर लाइव किया गया। देश और दुनिया के सर्व धर्म समाज के श्रद्धालु बड़ी संख्या में मौजूद रहे। सभी ने पूज्य गुरुदेव से आशीर्वाद व प्रसाद प्राप्त किया। कार्यक्रम का संचालन राजू सोनी एवं विनोद आचार्य ने संयुक्त रूप से किया।

श्रीदिव्य नवरात्रि महापर्व कृष्णगिरी में ही 26 से..
इस मौके पर मां पद्मावती के परम् उपासक, भैरव देव के सिद्ध साधक, मंत्र शिरोमणि संतश्री वसंतविजयजी महाराज साहेब ने आगामी नवरात्रि पर्व के भी कृष्णगिरी तीर्थ धाम में आयोजन की घोषणा की। साथ ही उन्होंने बताया कि 10 दिवसीय श्री नवरात्रि आराधना अभिषेक यज्ञ महोत्सव–2022 के तहत तीर्थ धाम में अलौकिक विशिष्ट राजमहल तैयार होगा। जिसमें मां के नौ रूपों को संगीतमय भक्ति, अभिषेक आराधना के तहत स्थापित किया जाएगा। इस अवसर पर श्रीमद् देवी भागवत कथा का वाचन भी नौ दिनों तक होगा। नित्य प्रतिदिन शाम के समय देश अनेक नामी कलाकारों द्वारा भजन संध्या भक्ति होगी। नौ दिनों के इस आयोजन तक शक्तिपीठ तीर्थधाम में शामिल होने वाले मोबाइल 90513 90513 से पंजीकृत श्रद्धालुओं को मां पद्मावती के नित्य दुग्धाभिषेक व शाम को मां की प्रतिमाजी के समक्ष आरती करने का अवसर लाभ मिलेगा। नवरात्रि पर्व के नौ दिनों के बाद पूज्य गुरुदेव श्रीजी के सान्निध्य में 5 अक्टूबर को विजयादशमी पर्व पर भी अनेक हाथी, ऊंट, घोड़ों तथा विभिन्न रथ–बग्गियों तथा 21 प्रकार के बैंड प्रस्तुतियों के साथ कृष्णगिरी से भव्य “विजय शोभा यात्रा” का आगाज भी होगा।