जब गरीब परिवारों के बच्चों के चेहरे पर मुस्कान आए और हमारा मन प्रफुल्लित हो उठे तो इससे बढ़कर कोई खुशी नहीं होती। ऐसी खुशी की अनुभूति करना अपनेआप में एक मिसाल है। राजस्थान कॉस्मो क्लब (आरसीसी) फाउंडेशन द्वारा संचालित स्माइल स्टोर की नुंगम्बाक्कम् शाखा में शहर से 100 किलोमीटर दूर, जहां बच्चे अभावों का जीवन व्यतीत करते हैं, उन बच्चों ने शहर में आकर स्माइल स्टोर से खरीददारी के अनुभव का अहसास किया और उनके चेहरों पर मुस्कान देखने लायक थी।
आरसीसी फाउंडेशन के सचिव राहुल बोहरा ने बताया कि कुछ दिनों पूर्व चैंगलपट्टू जिले के दूरदराज कप्पाटु कुंद्रम गांव से ईरूलर कम्युनिटी के 108 बच्चों को चेन्नई में लाकर उन्हें स्माइल स्टोर में खरीददारी का अनुभव कराया। ये बच्चे चट्टानों और पेड़ों से गिरे क्षेत्र में निवास करते हैं। उस क्षेत्र में कई गांव बिजली से वंचित है। 20 और 40 रुपए में पांच-पांच कपड़े खरीदकर बच्चों के चेहरों पर जो रौनक देखने को मिली, उससे हम अभिभूत थे।

बाद में बच्चों को मरीना बीच, लाइटहाउस आदि पर्यटक स्थलों की सैर करवाई गई। लाइटहाउस के टॉप पॉइंट पर जाकर बच्चों ने कई अनुभव व्यक्त किये, जैसे यहां कई बड़े- बड़े भवन हैं लेकिन हरियाली नहीं है। बच्चे शहरी वातावरण को देखकर दांतों तले अंगुली चबा रहे थे। यह सुखद अनुभव देखकर हमारा मन गद्गद् हो उठा। जब हमने उन बच्चों को अपने कपड़ों की खरीददारी के साथ अपनी मां के लिए साड़ी खरीदने की सलाह दी तो वे भावुक हो उठे। बच्चों के खान-पान और आवागमन की व्यवस्था भी आरसीसी फाउंडेशन ने की।