माधावरम में रविवार को होगा पंच ऋषि जप महा अनुष्ठान
चेन्नई; आचार्य श्री महाश्रमणजी के सुशिष्य मुनि श्री सुधाकरकुमारजी ने धर्म सभा को संबोधित करते हुए कहा कि आत्मरक्षा एवं पर विद्या से रक्षा के लिए मंत्रो का अनुष्ठान अनिवार्य है। मंत्रों से सुरक्षा कवच बनता हैl मंत्र आधि, व्याधि, उपाधि से मुक्ति प्रदान कर समाधि प्रदान करते हैंl सभी धर्म सम्प्रदायों ने मंत्रों की महत्ता एवं शक्ति को स्वीकार किया है, मंत्रों से चेतना में रूपांतरण आता है एवं आंतरिक और बाह्य वातावरण में भी सुखद परिवर्तन देखने को मिलता हैl भगवान महावीर की वाणी में मंत्र अनुष्ठान को यज्ञ की उपमा दी गई है।
श्री जैन श्वेतांबर तेरापंथ माधावरम् ट्रस्ट की ओर से रविवार को विराट जप अनुष्ठान की जानकारी देते हुए कार्यक्रम संयोजक सुरेश रांका एवं प्रवीण सुराणा ने बताया कि रविवार को प्रातः 9:30 बजे से 11:30 बजे तक पंच ऋषि जप महा अनुष्ठान का भव्य आयोजन माधावरम स्थित आचार्य महाश्रमण तेरापंथ जैन पब्लिक स्कूल के प्रांगण में किया जायेगा।
इसमें तेरापंथ के चतुर्थ आचार्य श्रीमद् जयाचार्य द्वारा रचित मंत्र शक्ति युक्त, तीन गीतिकाओ के साथ विभिन्न मंत्रों का अनुष्ठान कराया जायेगाl कार्यक्रम संयोजक ने बताया इस अवसर पर मद्रास उच्च न्यायालय के पूर्व मुख्य न्यायाधीश श्री मुनीश्वरनाथजी भंडारी एवं केंद्रीय मंत्री श्री एल मुरुगन विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। श्री जैन श्वेताम्बर तेरापंथ माधावरम ट्रस्ट की ओर से अनुदानदाताओं, कार्यकर्ताओं का सम्मान किया गया।
समाचार सम्प्रेषक : स्वरूप चन्द दाँती