चेन्नई. कोडम्बाक्कम-वड़पलनी जैन भवन में विराजित साध्वी सुमित्रा ने कहा मनुष्य को जीवन में श्रद्धा भाव रखनी चाहिए। काम कोई भी हो अगर उसे श्रद्धाभाव से किया जाए तो काम और बेहतर हो जाता है।
वर्तमान में थोड़ी सी समस्या आने पर ही लोगों का विश्वास टूटने लगता है लेकिन समस्या के बाद भी अटूट विश्वास और श्रद्धा बरकरार रहना जीवन में सफलता दिलाती है। उन्होंने कहा गुरु भगवंतों के प्रति श्रद्धा कभी टूटने नहीं देना चाहिए। जिस प्रकार विश्वास नहीं होने पर रिश्ते टूट जाते हैं उसी प्रकार परमात्मा के प्रति आस्था और श्रद्धा नहीं होने पर मार्ग भटक जाते हैं।
उन्होंने कहा ऐसा नहीं है श्रद्धा से सब काम हो जाता है। श्रद्धा के साथ लगन की भी जरूरत होती है। वर्तमान में लोग सभा में आकर प्रवचन सुनते हैं और श्रद्धा दिखा कर जीवन में बदलाव चाहते हैं लेकिन श्रद्धा के साथ लगन और मेहनत भी जरूरी है जिसके बिना कुछ भी हासिल नहीं हो सकता।
जीवन में आगे जाना है तो श्रद्धा और विश्वास के साथ मेहनत करते रहना चाहिए। विश्वास से असंम्भव काम भी संभव हो सकता है। बिना श्रद्धा और विश्वास के छोटा काम भी संभव नहीं है। श्रद्धा के साथ मेहनत करने वालों का परमात्मा साथ देते हैं। जो परमात्मा के बताए मार्ग पर चलेंगे उनका जीवन बदल जायेगा।`