राजस्थान संघ में राष्ट्रीय पदाधिकारियों का सम्मान, वस्त्रों का भी किया वितरण
बेंगलूरु। आॅल इंडिया श्वेतांबर स्थानकवासी जैन काॅन्फ्रेंस की राष्ट्रीय महिला अध्यक्ष श्रीमती विमला बाफना, राष्ट्रीय मंत्री संतोष बोहरा व राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष ज्योति गांधी ने गुरुवार को यहां शंकरपुरम स्थित राजस्थान संघ कर्नाटका के कार्यालय का अवलोकन किया।
श्रीमती बाफना का संघ के फाउण्डर चेयरमैन रमेश मेहता, जैन काॅन्फ्रेंस की राष्ट्रीय मुख्य मार्गदर्शिका एवं संघ की अध्यक्ष श्रीमती रतनीबाई मेहता व मंजुला जैन ने इन सभी का स्वागत सत्कार किया। मेहताद्वय ने जैन काॅन्फ्रेंस की पदाधिकारियों को संघ की सामाजिक क्षेत्र में रचनात्मक एवं जनसरोकार से जुड़े विविध क्रियाकलापों से अवगत कराया।
उन्होेंने बताया कि बीते 20 वर्षों पूर्व गठित संघ द्वारा मोक्षवाहिनी, नीति वस्त्र भंडार, सरकारी स्कूलों में निर्धन विद्यार्थियों को गणवेश-पाठ्यसामग्री सहित जरुरती सामान का वितरण, नीति वस्त्र भंडार, अन्नदान-वस्त्रदान सहित मेट्रिमोनियल सेवा प्रदान की जा रही है। इस अवसर पर श्रीमती बाफना को रमेश मेहता ने युवतियों के लिए संस्कारों की कक्षाएं तथा वैवाहिक मिलान हेतु व्यापक स्तर पर कार्य करने के विचार साझा किए।
श्रीमती बाफना ने भी महिला जैन कॉन्फ्रेंस के पांच सूत्रीय कार्यक्रमों से अवगत कराते हुए बताया कि प्रतिवर्ष एक लाख वृक्षारोपण (प्रत्येक प्रांत में दस हजार), होनहार युवतियों को उच्च शिक्षा में प्रोत्साहित करते हुए प्राथमिक स्तर पर हरसंभव मदद, हर राज्य से लोगों के अनचाहे वस्त्रों का एकत्रण के गरीबों को वितरण, साध्वीवृंद की वैयावच्च विहार सेवा के लिए महिलाओं की टीम का गठन तथा हर राज्य में युवतियों के लिए हाॅस्टल के निर्माण के कार्य का लक्ष्य बनाया है।
इस अवसर पर संघ कार्यालय में आए एक जरुरतमंद को कपड़ों का वितरण भी संघ द्वारा जैन काॅन्फ्रेंस की महिला पदाधिकारियों द्वारा किया गया। बाफना एवं गांधी का माल्यार्पण कर, शॉल ओढ़ाकर एवं मेमेंटो भेंट कर सम्मानित किया गया।