चेन्नई. एसएस जैन संघ ताम्बरम में विराजित साध्वी धर्मलता ने कहा कि जप दो प्रकार के होते हैं। वाचिक जप और मानसिक जप। दोनों आत्म उत्थान के लिए उपयोगी हैं। साध्वी ने कहा कि जप और तप का संबंध दूध और पानी सा नहीं बल्कि दूध और बादाम सा है।
भारतीय संस्कृति में उपासना का विशेष महत्व है। सभी धर्मों की उपासना पद्धति अलग-अलग है। परन्तु सरलतम उपाय है जप करना। आत्म विकास की साधना का नाम है जप। ज का अर्थ है जन्म-मरण का विच्छेद करना, प का अर्थ है पवित्र बनना। कोई अरिहंत का जाप करता है तो कोई राम राम का।
कोई अल्लाह अकबर का। हिंदु धर्म में गायत्री मंत्र का, बौद्ध धर्म में त्रिशरण मंत्र का और जैन धर्म में नमस्कार मंत्र का महत्व है। महामंत्र का चौदह पूर्व का सार है। जिसका पहला अक्षर णमो यानि नरक से निकलकर मोक्ष की यात्रा करना है।