श्री जैन श्वेताम्बर तेरापंथ सभा ट्रस्ट बोर्ड की टीम का शपथ ग्रहण
साहुकारपेट, चेन्नई :- साध्वी अणिमाश्रीजी के सान्निध्य में तेरापंथ सभा भवन में श्री जैन श्वेताम्बर तेरापंथ सभा ट्रस्ट बोर्ड, साहुकारपेट की नवगठित टीम का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित हुआ।
साध्वी अणिमाश्री ने अपने मंगल उद्बोधन में कहा कि समस्या जीवन में आती रहती है। जो व्यक्ति समस्या का समाधान खोज लेता है, उससे निजात पा लेता है, पार पा लेता है। वह सफलता की सिढ़ी पर आरोहण कर लेता है। समस्या कई बार नये आयामों का उद्घाटन करने वाली भी बनती है, बशर्ते समाधान की दिशा में बढ़ा हमारा कदम सम्यक हो, निस्वार्थ हो।
साध्वीश्री ने ट्रस्ट बोर्ड की नवगठित टीम के प्रति आध्यात्मिक मंगलकामना करते हुए कहा कि चेन्नई तेरापंथ सभा एवं ट्रस्ट बोर्ड का सामजस्य बेजोड़ हैं। सभी संघीय संस्थाओं के साथ अच्छा तालमेल है। पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं में संघ और संघपति के प्रति श्रद्धा घनीभूत हैं। प्रबन्धन्यासी विमलजी चिप्पड़ के नेतृत्व में यह टीम अपनी निष्ठा भावना को सदैव बलवती बनाये रखें। चारित्र आत्माओं की सेवा सुषुम्ना में समर्पण भाव बना रहे। ट्रस्ट के गौरवशाली इतिहास में समाज भूषण श्री जसवंतमलजी सेठिया से लेकर निवर्तमान प्रबन्धन्यासी सुरेशजी नाहर ने अपने कार्यों से समाज के विकास में अतूलनीय योगदान दिया है। विमलजी चिप्पड़ के नेतृत्व में यह टीम भी अपने स्वर्णिम इतिहास को और कदम आगे बढ़ायें, मंगलकामना।
नमस्कार महामंत्र के मंगल स्मरण से कार्यक्रम प्रारम्भ हुआ। शानदार संचालन करते हुए ट्रस्टी गौतमचन्द सेठिया ने टीम के सदस्यों की संघीय सेवाओं का उल्लेख करते हुए उनका परिचय प्रस्तुत किया। निवर्तमान प्रबन्धन्यासी सुरेश नाहर ने शुभभावना के साथ नवनिर्वाचित प्रबन्धन्यासी विमल चिप्पड़, मंत्री राजेन्द्र भण्डारी, सहमंत्री गौतमचन्द धारीवाल, कोषाध्यक्ष अनील लूणावत और टीम को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाते हुए पदभार हस्तांतरण किया। नवनिर्वाचित प्रबन्धन्यासी विमल चिप्पड़ ने ट्रस्ट बोर्ड के सदस्यों द्वारा उन्हे जिम्मेदारी सौपने पर धन्यवाद देते हुए कहा कि मैं सदैव आपके विश्वासों पर खरा उतरने की कोशिश करुंगा। आज के कार्यक्रम में सान्निध्य एवं आशीर्वचन प्रदान करने के लिए साध्वीवृन्द के प्रति कृतज्ञता के भाव प्रकट किये। आपने धर्मसभा को आश्वस्त किया कि हमारी यह टीम सदैव संघ सेवा में तत्पर रहेगी।
सभा एवं संघीय संस्थाओं के साथ मिल बैठ हर संघीय कार्यों को सफलता के पायदान पर ले जायेगी। तेरापंथ सभा अध्यक्ष प्यारेलाल पितलिया, तेयुप अध्यक्ष मुकेश नवलखा, महिला मण्डल मंत्री रीमा सिंघवी एवं अन्य व्यक्तियों ने नवगठित टीम को शुभकामनाएँ सम्प्रेषित की। आभार ज्ञापन मंत्री राजेन्द्र भण्डारी ने किया।
स्वरुप चन्द दाँती
प्रचार प्रसार प्रभारी
श्री जैन श्वेताम्बर तेरापंथी सभा, चेन्नई







