कर्नाटक प्रदेश की राजधानी फूलों की नगरी बेंगलुरु की धर्मधरा पर तुरकिया जैन भवन, गांधीनगर में चातुर्मासार्थ विराजित श्रमण संघीय उपप्रवर्तक परम पूज्य गुरुदेव श्री पंकज मुनि जी म. सा., दक्षिण सूर्य अमर शिष्य प.पू. डॉ. श्री वरुणमुनि जी म. सा., मधुर गायक मुनिरत्न प.पू. श्री रूपेशमुनि जी म.सा आदि ठाणा 3 एवं बेंगलुरु में विराजित समस्त साधु-साध्वीजी भगवंतो की पावन निश्रा में 5 अक्टूबर 2025 को सरदार वल्लभ भाई पटेल सभागार, वसंतनगर, बेंगलुरु के भव्य विशाल प्रांगण में श्री गुजराती वर्धमान स्थानकवासी जैन संघ, गांधीनगर, बेंगलुरु के तत्वावधान में श्रुताचार्य, साहित्य सम्राट, उत्तर भारतीय प्रवर्तक, पूज्य गुरुदेव श्री अमरमुनि जी म.सा. के संयम अमृत महोत्सव समापन समारोह के विराट आयोजन के साथ श्रमण संघीय प्रथम आचार्य सम्राट प.पू.श्री आत्मारामजी म. सा. एवं प. पू. प्रवर्तक गुरुदेव श्री शुक्लचंद्रजी म.सा. का जन्म महोत्सव, राष्ट्रसंत उत्तर भारतीय प्रवर्तक पूज्य दादा गुरुदेव भंडारी श्री पदमचंद्र जी म.सा. का पुण्य रजत जयंती महोत्सव, श्रमण संघीय चतुर्थ पट्टधर ध्यानयोगी प.पू. आचार्य सम्राट डॉ. श्री शिवमुनिजी म.सा. का आचार्य पद चादर समर्पण रजत जयंती महोत्सव, युवाचार्य प.पू. श्री महेंद्रऋषि जी म.सा. का पावन जन्मोत्सव, प्रवर्तक प.पू.श्री पंकजमुनि जी म.सा. का षष्ठीपूर्ति महोत्सव एवं दक्षिण सूर्य प.पू. डॉ. श्री वरुणमुनि जी म.सा. का संयम रजत जयंती महोत्सव, तप-त्याग-स्वाध्याय- सामायिक के साथ मनाया जायेगा ।इस पावन प्रसंग पर साधर्मी सेवा, श्रुत संवर्धन, विद्वत सम्मान, शाकाहार एवं नशामुक्ति जैसे अनेक सेवा प्रकल्पों के साथ अनेक आयोजन किए जाएंगे । इस विराट आयोजन हेतु संपूर्ण भारतवर्ष के समस्त जैन श्री संघों को सादर आमंत्रित किया गया है ।
दक्षिण सूर्य ओजस्वी प्रवचनकार प.पू. डॉ. श्री वरुणमुनि जी म. सा. की सत्प्रेरणा से गुरु अमर संयम अमृत वर्ष के उपलक्ष में 2 अक्टूबर 2025 के शुभ दिन पूरे भारतवर्ष में 75000 राशन किट का वितरण ऑल इंडिया महिला जैन कॉन्फ्रेंस की ओर से जरूरतमंद गरीब लोगों के लिए किया जाएगा। ज्ञातव्य रहे कि विगत एक वर्ष से गुरु अमर संयम अमृत वर्ष के उपलक्ष में संपूर्ण भारतवर्ष में डॉ. श्री वरुणमुनिजी म.सा. की प्रेरणा एवं मार्गदर्शन में विभिन्न लोक- कल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित किये जा रहे हैं, जिससे अनेक परिवार लाभान्वित हुए हैं।