स्वस्थ समाज निर्माण में सामाजिक संस्थाओं की भूमिका विषय पर हुई संगोष्ठी
अणुव्रत समिति की पहल पर अनेकों संस्थान मिले एक मंच पर
चेन्नई : अणुव्रत समिति, चेन्नई द्वारा रविवार को सी यू शाह, पुरूषवाक्कम में ‘स्वस्थ समाज के निर्माण में सामाजिक संस्थाओं की भूमिका’ विषय पर संगोष्ठी का आयोजन हुआ।
अणुव्रत आंदोलन के प्रवर्तक आचार्य तुलसी द्वारा रचित अणुव्रत गीत ‘संयममय जीवन हो’ के सामूहिक संगान से संगोष्ठी का शुभारंभ हुआ। अध्यक्षा सुभद्रा लुणावत ने अपने स्वागत-भाषण में संगोष्ठी की थीम के बिंदु स्वार्थ- स्वयं निखरें, परार्थ- परिवार व समाज निखरें और परमार्थ- चेतना निखरें पर विचार रखे। जैन अंतरराष्ट्रीय व्यापार संगठन (जीतो) चेन्नई चैप्टर के अध्यक्ष राजेश चंदन ने बतौर मुख्य अतिथि कहा कि जैनाचार्य तुलसी ने सर्व समाज सुधार उद्देश्य से आज से 75 वर्ष पूर्व अणुव्रत आंदोलन का प्रर्वतन किया। अणुव्रत यानी छोटे-छोटे व्रत-नियम। ये छोटे-छोटे नियम व्यक्ति को बड़ा बनाते हैं। अणुव्रत के जरिए व्यक्ति, समाज और संस्कृतियों को जोड़ा जा सकता है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे अणुव्रत विश्व भारती सोसाइटी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष कैलाश बोराणा ने अणुव्रत आचार संहिता का वाचन किया और अणुव्रत समिति चेन्नई की इस अभिनव पहल की प्रशंसा की। तमिलनाडु अल्पसंख्यक आयोग सदस्य पी. राजेन्द्रप्रसाद जैन ने पूर्व में प्रकाशित तमिल भाषा में अणुव्रतम् पत्रिका को पुनः शुरू करने का आग्रह किया, तो विशिष्ट अतिथि जैन महासंघ के अध्यक्ष प्यारेलाल पितलिया ने इसकी बहाली के लिए आश्वस्त किया। विशिष्ट अतिथि विजयराज कटारिया ने कहा कि अणुव्रत हमें जीने की कला सिखाता है।
मुख्य वक्ता राकेश खटेड़ ने कहा कि हर संस्था अच्छा कार्य कर रही हैं। यह आचार-विचार के आदान-प्रदान का मंच है। हम अच्छाइयों को आपस में साझा करके समाज विकास में योगदान करें। उन्होंने कहा कि ‘देहरी-दीपक न्याय’ के अनुसार अणुव्रत अंदर और बाहर, दोनों तरफ उजाला करता है। यह मानव को दुर्गति से बचाता है।
अणुविभा के राष्ट्रीय संगठन मंत्री राजेश चावत ने बताया कि अणुव्रत अभियान की गूंज गाँव की चौपाल से लेकर राष्ट्रपति भवन और संयुक्त राष्ट्र तक पहुँची है। ‘एलीवेट’ राष्ट्रीय प्रभारी मुदित भंसाली ने पीपीटी के साथ नशा-मुक्ति पर अपना प्रभावी व्यक्तव्य दिया। उन्होंने उदाहरण देकर कहा कि जब भारत के प्रधानमंत्री नशा को ‘ना’ कह सकते हैं तो हमें भी हमारी व्यसन-मुक्त जीवनशैली पर कायम रहना चाहिए। सुखी परिवार और समर्थ समाज के लिए नशामुक्ति अनिवार्य है।
कार्यक्रम संयोजक, उपाध्यक्ष डॉ. दिलीप धींग ने कहा कि तीर्थंकर महावीर ने गृहस्थ के लिए पाँच अणुव्रत दिए, तो भगवान बुद्ध ने पंचशील और पतंजलि ने पाँच यम के रूप में उन्हें आगे बढ़ाया। आचार्य हेमचंद्र, हीरविजय, जैन दिवाकर, शांतिविजय आदि संतों का उल्लेख करते हुए उन्होंने आचार्य तुलसी द्वारा प्रवर्तित अणुव्रत आंदोलन की बात कही। सहमंत्री कमल सामसुखा, संतोष सेठिया, सुनिल बाफणा ने अतिथियों का परिचय दिया। उपाध्यक्ष स्वरूप चन्द दाँती और राजेश सुराणा ने संचालन किया। मंत्री कुशल बांठिया ने धन्यवाद ज्ञापित किया।
समारोह में आचार्य शोभा आर्य ‘वेदरत्न’, सज्जनराज सुराणा, पार्श्वकुमार, तनसुख नाहर, प्रवीण टाटिया, ललित दुगड़, ज्ञानचन्द आंचलिया, अशोक खतंग, विमल चिप्पड़, गौतम सेठिया, डाॅ कमलेश नाहर, भरत डी मरलेचा, संपतराज चोरड़िया, मोहिनी चोरड़िया, विजया कोटेचा, ज्ञानचंद कोठारी, गौतम बोहरा, हंसमुख रांका, जेपी ललवाणी, संपत बागमार, रमेश डागा, बीएल आच्छा इत्यादि एवं श्वेताम्बर मूर्तिपूजक और स्थानकवासी समाज के विभिन्न संघों के पदाधिकारी, अग्रवाल, माहेश्वरी, आर्य समाज, महावीर इंटरनेशनल, राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ, जैन लेखक मंच, दक्षिण भारत जैन स्वाध्याय संघ, चंदन तिलक, आदि विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।



