नगर निगम इंदौर के अपर आयुक्त एमपीएस अरोरा दंपति ने लिया संतश्री का आशीर्वाद
इंदौर। विश्वविख्यात कृष्णगिरी शक्तिपीठाधिपति, राष्ट्रसंत, परमाचार्यश्री डॉ वसंतविजयजी म.सा. ने कहा शरद का अर्थ होता है बहुत सारा सुख। शरद पूर्णिमा के महत्व का बखान करते हुए उन्होंने कहा आज के इस पावन दिवस पर की गई जप आराधना का खूब महत्व है। संतश्री ने कहा, इस संसार में सुखी कोई नहीं है मगर दुख मिटाने के जतन भी पूर्ण समर्पण, सेवा भक्ति और विश्वास के साथ नहीं करना चाहता है।
व्यक्ति को सद्गुणी बनने, दुर्व्यसनों को त्यागने के साथ ही जीवन को सही मार्ग पर लाने की सीख देते हुए उन्होंने कहा कि तभी उनके सांसारिक जीवन में उच्च कोटि का परिवेश बनेगा। उन्होंने सदैव सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा भी दी तथा कहा कि बुरे विचार से ही व्यक्ति के जीवन में दुख संकट आते हैं।
सुख, शांति एवं समृद्धि के मन के प्रतिपल के विचार हर प्रकार की दरिद्रता मिटा सकते हैं। स्थानीय फूटी कोठी स्थित श्रीजी वाटिका में विशिष्ट साधना-आराधनार्थ विराजित संतश्री ने रविवार को शरद पूर्णिमा के अवसर पर अपने प्रेरणादायक संदेश में कहा कि दुर्लभ मानव के रूप में जन्म लेकर ईश्वर का धन्यवाद देना चाहिए, जिन्होंने यह सृष्टि बनाई।
प्रकृति की विधि को जानने-समझने के साथ कृतज्ञ बनना चाहिए, कृतघ्न नहीं। उन्होंने कहा व्यक्ति को अपने प्रत्येक अंग से अर्थात स्वयं से प्रेम करते हुए सर्वोत्तम बने रहना चाहिए तथा इस धरा के प्रत्येक जीव से प्रेमभाव रखना चाहिए। भावपूर्ण किए गए प्रेम का प्रतिफल वफादारी के रूप में अवश्य मिलता ही है।
अनेक उदाहरणों के साथ वसंतविजयजी ने कहा कि गंगा की तरह निर्मल रहने वाले साधू संत रिश्ते नातों पर नहीं, बल्कि सेवा भक्ति में विश्वास रखते हैं। एक साधक की गुरु भगवंतों के प्रति सेवा भक्ति यदि सही हो तो उसे कहीं भटकने की जरूरत नहीं है। सभी का स्वागत गुरु भक्त अभय बागरेचा ने किया।
बागरेचा ने बताया कि इस अवसर पर इंदौर नगर निगम के अपर आयुक्त एमपीएस अरोरा दंपति ने संतश्री के दर्शन-वंदन का लाभ ले कर गुरुभक्ति प्रसाद स्वरूप रक्षा सूत्र व आशीर्वाद प्राप्त किया। अरोरा ने निगम द्वारा सरकारी स्तर पर मानव सेवा के क्षेत्र में जरूरतमंदों की सेवा की निगम की विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे। डॉक्टर सुनील मंडलेचा, अनिल चौधरी, अर्पिता जितेंद्र बाफना, अमन मिश्रा, रितेश नाहर, विपिन दोषी, तरुण सेठिया, पंकज कटकानी, सतीश दोषी, विपिन पगारिया, राजकुमार जैन व मुकेश भंडारी सहित अनेक गुरुभक्त मौजूद रहे।