तेरापंथ महिला मंडल की आयोजना में
साहूकारपेट चेन्नै : – अखिल भारतीय तेरापंथ महिला मंडल के तत्वावधान में तेरापंथ महिला मंडल चेन्नई की आयोजना में रूपांतरण एक्सप्रेस शक्ति संपन्न कार्यशाला विषय कषाय पर आयोजित की गयी। कार्यशाला की शुरुआत सामूहिक नमस्कार महामंत्र से हुई। प्रेरणा गीत का संगान संगीता आच्छा, उषा धोका, लता पारख, कंचन भंडारी एवं सुभद्रा लुणावत ने किया। तत्पश्चात अध्यक्ष पुष्पा हिरण ने कार्यशाला में उपस्थित सभी का स्वागत किया। श्रावक निष्ठा पत्र का वाचन श्रीमती उषा धोका ने किया। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता श्रीमती दीपाली सेठिया ने कषाय विषय पर प्रकाश डालते हुए कहा कि कषाय शब्द सुनने में छोटा लगता है, लेकिन बहुत हानि पहुंचाता है, कषाय आत्मा के द्वारा ग्रहण किया हुआ है। उसे विशेष पुरुषार्थ से अलग कर सकते हैं। उन्होंने क्रोध, मान, माया, लोभ के उदाहरण के माध्यम से सुंदर विश्लेषण किया।
अनंतानुबंधी आदि कषाय के 16 प्रकार, उनके साथ नो कषाय हास्य, रति आदि का उदाहरण देकर एवं अनेक घटनाओं के माध्यम से सुंदर विवेचन किया। अखिल भारतीय तेरापंथ महिला मंडल के द्वारा असाधारण साध्वीप्रमुखा कनकप्रभा के मनोनयन की स्वर्ण जयंती के उपलक्ष में आयोजित काव्यामृतम काव्य पाठ में तमिलनाडु स्तर पर तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली, सेमीफाइनल प्रतियोगिता में जाने वाली चेन्नै की सरिता जैन ने सांसों का इकतारा पाठ से कविता की सुंदर प्रस्तुति दी।
मातृहदया साध्वीप्रमुखाश्रीजी के सुखसंवाद श्रीमती रतनबाई लूंकड के द्वारा प्रस्तुत किये गये। सहमंत्री कंचन भंडारी ने 51 प्रत्याख्यान के बारे में बहनों को विशेष जानकारी दी एवं प्रतिदिन प्रत्याख्यान करने की प्रेरणा दी, नारी लोक का वाचन भी किया।प्रचार प्रसार मंत्री सुभद्रा लुणावत ने ज्ञान चेतना प्रश्नोत्तरी करने के लिए सभी को मोटिवेट किया। कार्यक्रम का कुशल संचालन मंत्री रीमा सिंघवी ने किया। मुख्य वक्ता का सम्मान महिला मंडल के द्वारा किया गया। इस अवसर पर उषा जी बोहरा भी उपस्थित थे।महिला मंडल के पदाधिकारी एवं कार्यकारिणी सदस्य का कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग रहा। धन्यवाद ज्ञापन सहमंत्री लता पारख ने दिया।
स्वरुप चन्द दाँती
प्रचार प्रसार प्रभारी
श्री जैन श्वेताम्बर तेरापंथी सभा, चेन्नई