आदमी के भीतर प्रज्ञा की चेतना का जागरण या सुन्दर कल्पना शक्ति का होना, एक चरण हैं| दूसरा चरण हैं – वह कल्पना या प्रज्ञा से आये विचार एक संकल्प रूप ले लेना| जब तक हमारी कल्पना, संकल्प का रूप नहीं ले लेती, तब तक उसका साकार होना कठीन हो सकता हैं| तो कल्पना पैदा हो और कल्पना संकल्प का रूप धारण करें, फिर वह संकल्प साकार होने की अवस्था में आये, वह कार्यान्वित हो, क्रियान्विती हो|
सपना, संकल्प और क्रियान्विती इन तीनों का योग होता हैं, तो कार्य सम्पन्न हो सकता हैं, निष्पत्ति सामने आ सकती हैं| उपरोक्त विचार माधावरम् स्थित जैन तेरापंथ नगर के महाश्रमण समवसरण में अणुव्रत दिवस के रूप में आचार्य श्री तुलसी के 105वें जन्मदिवस के अवसर पर धर्मसभा को संबोधित करते हुए कहे|
आचार्य श्री ने आगे कहा कि आज से 104 वर्ष पूर्व लाडनूं की दूसरी पट्टी में, खटेड़ वंश में बालक तुलसी का जन्म हुआ| आचार्य तुलसी जब तेरापंथ धर्मसंघ के सम्राट, अनुशास्ता बने, तब से पुर्व में सामान्य रूप में, बाद में व्यवस्थित, आज के दिन को मनाया जाने लगा| आचार्य श्री ने आगे कहा कि एक दिन आचार्य श्री तुलसी ने कहा कि मैं तो अपने जन्मदिन के दिन साधना, जप आदि करता था, बाद में यह कार्यक्रम, उपक्रम के रूप में मनाया जाने लगा| आचार्य श्री तुलसी के आचार्य कार्यकाल में अनेकों महत्वपूर्ण कार्य सम्पादित हुए| आचार्य श्री तुलसी में चेतना की विशेष निर्मलता, ज्ञानावरणीय कर्म का विशेष क्षयोपक्षम था| उन्हों मेें ज्ञान की चेतना थी, समझने की चेतना थी और बात को प्रस्तुत करने की चेतना थी|
अहिंसा यात्रा, अणुव्रत का प्राण हैं
आचार्य श्री ने आगे कहा कि आचार्य श्री तुलसी ने अणुव्रत आन्दोलन की शुरुआत की| अणुव्रत मध्यम मार्ग हैं, सरल मार्ग है, मानव को मानव बनाने का| अणुव्रत दिवस के रूप में आज का दिन आत्म शक्ति और अणुव्रत की शक्ति नियोजन का दिन हैं| आचार्य श्री तुलसी ने अणुव्रत के प्रचार प्रसार में अपनी शक्ति, श्रम का सम्यक् नियोजन कर दक्षिण भारत की यात्रा पर भी आये, चेन्नई में पच्चास वर्ष पूर्व चातुर्मास भी किया| यह उनका भाग्य था, पुरूषार्थ था, कि अणुव्रत जन जन के, ग्रहण शक्ति में शामिल हो गया और तेरापंथ का भी भाग्य था, कि आचार्य श्री तुलसी जैसे आचार्य मिले| आचार्य श्री ने आगे कहा कि आज से ठीक चार वर्ष पूर्व दिल्ली से 09 नवम्बर 2014 को अहिंसा यात्रा के रूप में हम यात्रायित हुए| अहिंसा यात्रा भी अणुव्रत का प्राण हैं| सद्भावना, नैतिकता और नशामुक्ति अणुव्रत के प्राण हैं, जीवन के त्राण हैं| अणुव्रत अनेक जागतिक समस्याओं का समाधान हैं|
गति करने में हो संकल्प
आचार्य श्री ने आगे कहा कि आज ही के दिन 38 वर्ष पूर्व परम् पूज्य आचार्य श्री तुलसी द्वारा समण श्रेणी का जन्म हुआ| समण श्रेणी ने प्रगति की हैं, कहीं पगडंडी से, कही मध्यम गली से, तो कहीं राजमार्ग से| गति करने वाले में संकल्प हो और गति कराने वाले में भी संकल्प हो, मनोबल हो, काँटों के चुभन झेलनी की भी क्षमता हो| काँटों की चुभन से बचने के लिए अच्छे पदत्राण पहने हुए हो, तो आदमी कहीं पहुंच सकता हैं| समण श्रेणी की गति, मति हुई हैं| समण श्रेणी भारत से बाहर और अन्दर भी काम करती हैं, सेवा दे रही हैं| जैन विश्व भारती संस्थान में भी शिक्षण सेवाएँ दे रही हैं| साधु – साध्वीयों की सेवा, परिचर्या, समणीयों की सेवा, परिचर्या के साथ, श्रावकों की सार संभाल भी कर रही हैं|
सेवा में प्रकृति पर नहीं, संस्कृति पर दे ध्यान
आचार्य श्री ने आगे कहा कि सेवा एक ऐसा तत्व हैं कि सेवा में व्यक्ति को नहीं, अपितु संघ को देखना चाहिए| व्यक्ति की प्रकृति को गौण करके सेवा करे, कि हमें तो संघ की सेवा करनी हैं| सेवा में प्रकृति पर ध्यान नहीं देकर, संस्कृति पर ध्यान देना चाहिए| जहां भी सेवा की अपेक्षा हो, हमें अहोभाव से सेवा में लगकर, सामने वाले को चित्त समाधि प्रदान करने में सहयोगी बनना चाहिए|
समणीयां है रिजर्व फोर्स
आचार्य श्री ने समण श्रेणी पर विशेष कृपा बरसाते हुए कहा कि समणीयां रिजर्व फोर्स हैं, जहां अपेक्षा हो, तुरन्त पहुँच जाती हैं, मोर्चा संभाल लेती हैं, फिर वो चाहे सेवा हो या संथारा| वे इस दिशा में और मनोभाव रखे, अहोभाव से सेवा करे| डॉक्टर बनना अच्छा है, सेवा में भी डॉक्टर बने| ये समण श्रेणी अपने आप में अच्छी शक्ति है, बहुत उपयोगी है, वे विकास करती हुई, उध्वारोहण की ओर आगे बढ़े| आचार्य श्री तुलसी हमारे गुरु थे, उनके प्रति भी हमारी श्रद्धांजलि हैं|
महान प्रवचनकार, संगीतकार, साहित्यकार थे आचार्य श्री तुलसी : साध्वी प्रमुखाश्री
साध्वी प्रमुखाश्री कनकप्रभा ने कहा कि आज का दिन त्रिआयामी हैं| आचार्य श्री तुलसी का जन्मदिवस, समण श्रेणी जन्मदिन और अणुव्रत दिवस, ये तीन आयाम जिसके साथ जुड़ जाते हैं, वह दिन सुबुद्ध हो जाता हैं| आचार्य श्री तुलसी नैसर्गिक व्यक्तित्व साथ लेकर आये, प्रकृति ने भी सब कुछ दिया, जिसमें विकास हो सकता हैं| वे उत्तम व्यक्तित्व थे, गुरूकृपा से और निखार आया| आचार्य कालूगणी ने 16 वर्ष की आयु में साधुओं के प्रशिक्षण का दायित्व और 22 वर्ष में संघ का दायित्व संभलाया| समाज और धर्मसंघ के विकास का चित्र बनाया, उसमें एक था साध्वीयों के शिक्षण का| साध्वी और समणी वर्ग ने जो संघीय विकास किया है, गुरूदेव तुलसी का ही पुरूषार्थ हैं| दीक्षा के पहले शिक्षा के लिए पारमार्थिक शिक्षण संस्था की स्थापना की|
वे महान प्रवचनकार, संगीतकार, साहित्यकार थे, साहित्यकारों के सृष्टा थे| देश के गिरते हुए नैतिक स्तर को ऊचा उठाने के लिए “अणुव्रत आन्दोलन” का प्रवर्तन किया| सामाजिक कुरूढियों को दूर करने के लिए, चेतना को जगाने के लिए नया मोड़ का अवदान दिया और अनेकों अवदान तेरापंथ धर्मसंघ और समाज के लिए दिये| समण श्रेणी का सपना देखा और आज वह उनका साकार रूप हैं| आचार्य श्री महाप्रज्ञजी और आचार्य श्री महाश्रमणजी ने बहुत श्रम किया हैं| उन्हीं के चिन्तन, श्रमशीलता से यह श्रेणी आगे बढ़ रही हैं|
समण श्रेणी आचार्य श्री तुलसी की अमर पुत्री : साध्वीवर्या
साध्वीवर्या श्री सम्बुद्धयशा ने कहा कि कार्तिक शुक्ला द्वितीया महत्वपूर्ण दिवस हैं, विकास का दिवस हैं| आचार्य श्री तुलसी ने जैन शासन और तेरापंथ धर्मसंघ को नई ऊँचाईयां दी| मानव को मानव बनाने के लिए गतिशील रहे| एक कल्पना साकार होती, दूसरी जन्म ले लेती| उनके अनेक अवदानों से विश्व को वरदान मिला है, वरदान सिद्ध भी हो गये| आचार्य श्री तुलसी की यात्रा के तीन आयाम – धर्म क्रान्ति, धर्म समन्वय और मानवता का विकास था| आचार्य श्री महाश्रमणजी की अहिंसा यात्रा के भी तीन उद्देश्य, अणुव्रत के ही उद्देश्य हैं|
समण श्रेणी आचार्य श्री तुलसी की अमर पुत्री हैं| एक क्रान्तिकारी कदम था| समण श्रेणी में दीक्षित हो, आध्यात्मिक क्रांति करें| आचार्य श्री तुलसी ने इस श्रेणी को जन्म दिया और पाला पोसा| आचार्य श्री महाप्रज्ञजी ने सिंचन किया और आचार्य श्री महाश्रमणजी इसके विकास के लिए प्रयासरत है, प्रयत्नशील हैं| साध्वी प्रमुखाश्री कनकप्रभाजी भी बहुत प्रेरणा और शिक्षा प्रदान कर रही हैं| मुख्य नियोजिकाजी भी सतत प्रयत्नशील है, इससे जुड़े हैं|
समण श्रेणी आचार्य श्री तुलसी की सृजनशीलता का परिणाम हैं, वे प्रोत्साहित करते, तो कमी की ओर इंगित भी करते रहते| समण श्रेणी के भीतर का वैराग्य भाव पृष्ट रहे|
समण श्रेणी की नियोजिका श्री मल्लिप्रज्ञा, प्रथम बेच की समणी डॉ कुसुमप्रज्ञा ने आराध्य की आराधना में अभिव्यक्ति दी| समणी वृन्द और मुमुक्षु बहनों ने अलग अलग सामूहिक गीतिका की प्रस्तुति दी| मुनि श्री तन्मयकुमार ने गीत का संगान किया| श्री उम्मेदमल बोकड़ीया, श्री धनराज धारीवाल ने भी अपने विचारों प्रकट किये| अणुव्रत दिवस के कार्यक्रम का कुशल संचालन मुनि श्री दिनेश कुमार ने किया|
✍ प्रचार प्रसार विभाग
आचार्य श्री महाश्रमण चातुर्मास प्रवास व्यवस्था समिति, चेन्नई
स्वरूप चन्द दाँती
आचार्य श्री महाश्रमण चातुर्मास व्यवस्था समिति