चेन्नई ; आंध्रप्रदेश की ओर विहाररत साध्वीश्री डॉ मंगलप्रज्ञाजी अपनी सहवर्तिनी साध्वियों के साथ कोलकाता- विजयवाड़ा मार्ग पर स्थित एमपीपीएस स्कूल, बीट्रगुण्टा पहुंची। जहाँ तेरापंथ सभा चेन्नई के तत्वावधान में नववर्ष 2023 के शुभागमन पर महामंगलपाठ का आयोजन साध्वीश्री मंगलप्रज्ञाजी के सान्निध्य में किया गया। साध्वीश्रीजी ने कहा कि नए वर्ष पर सहज ही नव्यता का स्फुरण होता है। जो हर क्षण रमणीयता को प्राप्त करता है, वह उल्लास पाता है।
आनन्द, शक्तिमय जीवन के लिए अपने विचारधारा पर नया प्रयोग करना चाहिए। जीवन पथ पर समस्याओं के कांटे आते रहते हैं, आवश्यकता है जिन्दगी के कांटे निकालने के लिए विवेक रूपी जूते पहनना आवश्यक है। बाह्य ताप से बचने के लिए छाता जरूरी है, वैसे ही वाणी संयम की छतरी आपकी सुरक्षा करेगी। नववर्ष पर विशेष संकल्प होने चाहिए। हमारे सहयोग भावना, औदार्य भाव का विकास होता रहे। विशेष संकल्प सूत्रों के साथ अपने जीवन की आभा को सतरंगी बनाए। पुरुषार्थ के दीप जलाकर जीवन पथ को रोशन करें। इस अवसर पर साध्वीश्री द्वारा विशिष्ट शक्तिमय, जैन प्रभावक मंत्रों के साथ वृहद मंगल पाठ का श्रावण करवाया गया।
कार्यक्रम का प्रारंभ साध्वीवृन्द के मंगल गीत से हुआ। साध्वी सुदर्शन प्रभाजी, साध्वी सिद्धियशाजी, साध्वी डॉ राजुलप्रभाजी, साध्वी डॉ चैतन्यप्रभाजी, साध्वी डॉ शौर्यप्रभाजी ने साध्वी डॉ मंगलप्रज्ञाजी द्वारा रचित “हम शुभ संकल्प सजाएं” गीत का भावपूर्ण संगान किया।
साध्वी राजुप्रभाजी ने कहा कि हमें विशेष संकल्पों के साथ नए वर्ष की अगवानी करनी चाहिए। नई प्रेरणा प्राप्त कर जीवन प्रांगण को सरसब्ज बनाने का यह महत्वपूर्ण अवसर है।
कार्यक्रम के अध्यक्ष, चेन्नई तेरापंथ सभाध्यक्ष उगमराज सांड, तेरापंथ सभा के पूर्वाध्यक्ष मुख्य अतिथि प्यारेलाल पितलिया, तेरापंथ महिला मंडल की अध्यक्षा पुष्पा हिरण ने नव वर्ष की शुभकामनाएं देते हुए विचार व्यक्त किए एवं साध्वीवृन्द के आगामी यात्रा की मंगल कामना की। तेरापंथ महिला मंडल, युवक परिषद एवं ज्ञानशाला के बच्चों ने हैप्पी न्यू ईयर-2023 का अलग, मोहक अंदाज में प्रस्तुतिकरण किया। गुण्टुर से समागत देवराज छाजेड़ ने भावना प्रस्तुत की एवं साध्वीश्री को अधिक से अधिक गुण्टुर प्रवास हेतु निवेदन किया
समारोह में चेन्नई के अतिरिक्त गुण्टुर एवं ओंगोल के श्रावकों की उपस्थिति रही। मनोहर हिरण, महावीर डूंगरवाल, दिलीप देवड़ा, अशोक मांडोत, विवेक बच्छावत, निरंजन सियाल आदि अनेक श्रावक परिवार संभागी बने। कार्यक्रम का कुशल संचालन तेरापंथ सभा के सहमंत्री देवीलाल हिरण ने किया। आभार ज्ञापन सभा के पूर्व मंत्री गजेन्द्र खांटेड ने किया।
समाचार सम्प्रेषक : स्वरूप चन्द दाँती