चेन्नई. अखिल भारतीय गायत्री परिवार ने हाल ही में किलपॉक स्थित कोला सरस्वती वैष्णव विद्यालय में भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के महा प्रबंधक लोकेश सिंह राजपुरोहित थे। अपने संबोधन में उन्होंने इस तरह की परीक्षाओं के जरिए विद्यार्थियों में भारतीय संस्कृति का बीजारोपण करने के लिए गायत्री परिवार के प्रयासों की सराहना की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शांतिकुंज हरिद्वार से आए भारतीय संस्कृति के प्रमुख प्रदीप दीक्षित ने कहा कि धर्म की रक्षा के लिए विद्यार्थियों में संस्कारों का होने बहुत जरूरी है। राजस्थान एसोसिएशन के अध्यक्ष चंद्रप्रकाश मालपानी एवं विद्यालय के पत्राचारक के.के. माहेश्वरी ने भी अपने विचार व्यक्त किए।
इस दौरान संस्कृति ज्ञान परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत कर उनका उत्साह वर्धन किया गया। कार्यक्रम का संचालन करण सिंह राजपुरोहित, मनोहरलाल धीरन एवं सरोज राजपुरोहित तथा स्वागत भाषण विद्यालय की प्राचार्य सुंदरी ने किया।