पार्श्वनाथ भगवान के निमित्त 56 भोग के साथ अति विशाल 108 किलो लड्डू भोग का अर्पण 8 को
इंदौर। श्रावण मास के शुक्ल पक्ष की महाअष्टमी गुरुवार, 8 अगस्त को हृींकारगिरी तीर्थ धाम में कृष्णगिरी पीठाधिपति विश्वसंत डॉ. वसंतविजयजी म.सा. की पावन निश्रा में भगवान पार्श्वनाथजी के निमित्त 56 भोग के साथ अति विशाल 108 किलो के लड्डू का भोग लगाया जाएगा साथ ही सुबह 10 से 1 बजे तक अतिविशिष्ट दिव्यमंत्रित 1008 नामों से वृहद् महापूजन, अभिषेक का आयोजन किया जाएगा।
श्री नगीनभाई कोठारी चैरिटेबल ट्रस्ट ह्रींकारगिरी इंदौर के ट्रस्टी विजय कोठारी ने बताया कि इस दौरान अद्भुत, अलौकिक हवन, दिव्य अभिषेक महामंगल विधान के साथ किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि साथ ही साथ इस धार्मिक कार्यक्रम में 108 प्रकार के नैवेद्य चढ़ाए जाएंगे। इससे पहले शुक्रवार, 2 अगस्त को दोपहर डेढ़ बजे अति विशेष पार्श्वपद्मावती महापूजन, दोपहर तीन बजे वंदन, दुर्लभ औषधीय जड़ी बूटियों, फल-मेवों द्वारा सिद्ध मंत्रों से भगवती पद्मावती मां का सावन शुक्रवार महाहवन विधान कार्यक्रम होगा।
उन्होंने बताया कि हृींकारगिरी तीर्थ धाम में 4 अगस्त, रविवार को दोपहर तीन बजे मां पद्मावती के परम् उपासक डॉ. वसंतविजयजी म.सा. “सुपर लॉ ऑफ अट्रेक्शन” का महारहस्य पर प्रवचन देंगे।
मिच्छामी दुक्कड़म एवं न्यूटन के लॉ एवं व्यापार में तेजी पर, जीवन को धर्ममय, परम् समृद्धि, सुख एवं आनंदमय बनाने पर श्रावक-श्राविकाओं को अपनी बात बतायी जाएगी।
साथ ही मंदी के दौर में तेजी का सिक्रेट फार्मूला-2 विषय पर पांच ऐसी विधियां जो कि जीवन को परम् सफलता की ओर ले जाती है बताया जाएगा। प्रवचन पश्चात् महाप्रसाद तीर्थ धाम में ही उपलब्ध रहेगा।