बिन्नी नोर्थटाउन सोसायटी में अष्टौषधि युक्त महाभिषेक का भव्य आयोजन
श्री सुमतिवल्लभ नोर्थटाउन जैन संघ में आचार्य श्री वर्धमानसागरसूरिजी आचार्य श्री देवेंद्रसागरसूरिजी के सान्निध्य में नेमीनाथ भगवान का विधि विधान युक्त संगीतमय अष्टौषधि से महाभिषेक बड़े धाम धूम के साथ संपन्न हुआ. महा अभिषेक का संपूर्ण लाभ ममताजी रितेश मोदी परिवार ने लिया। सर्वप्रथम कलश एवं शांति धारा करने का सौभाग्य मोदी परिवार को प्राप्त हुआ। तत्पश्चात सैकड़ों लोगों ने अभिषेक के साथ भक्ति में पूजन कर परमात्मा के चरणों में जन्म कल्याणक का श्रीफल समर्पण किया तथा सभी ने पूजन कर अपने आपको धन्य माना। अभिषेक के दौरान श्रद्धालुओं द्वारा एक से बढ़कर एक भजनों की दी गई मन भावन प्रस्तुतियों पर जिनेन्द्र भक्त भक्तिरस में खूब झूमे। इससे वातावरण भक्तिमय हो गया।
महाअर्घ्य समर्पण, शांतिपाठ एवं विसर्जन विधि के साथ पूजन सम्पन्न हुई। इसके उपरांत जिनेन्द्र देव की मंगल आरती उतारी गई। आचार्य श्री देवेंद्रसागरजी बताते हैं कि आठ औषधियों वाले जल से अभिषेक के पीछे लोक कल्याण की भावना जुड़ी है। बीजाक्षर मंत्रों में देश में आतंक, उपद्रव कपट, अनाचार, अविश्वास, राजा-प्रजा का दुख, निरोग खत्म करने के साथ खुशहाली, प्रेम और भाईचारा बढ़ाने की कामना की जाती है। देश को कष्टों से दूर करने के लिए इसे भगवान को जागृत करने की प्रक्रिया भी कहा जा सकता है। अलग-अलग औषधियां अलग-अलग लाभ देती है।